MP Crackers Fatory Blast: आज सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ। इस घटना में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि लगभग 200 से अधिक लोग घायल हैं। घटना के बाद बचाव अभियान जारी है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और गंभीर रूप से घायल मरीजों को भोपाल और इंदौर स्थानांतरित किया गया है।खबर के मुताबिक विस्फोट इतना जोरदार था कि, पूरा क्षेत्र दहल गया। धमाके का असर 40 किलोमीटर दूर तक महसूस किया गया।इसका असर इतना था कि, धमाके की आवाज के बाद लोग वाहन छोड़कर भागने लगे।कच्चे मकान गिर गए। लोगों को भूकंप जैसा महसूस हुआ।
60 घर जल कर राख
पटाखों की यह फैक्ट्री हरदा शहर में ही मगरधा रोड पर बैरागढ़ गांव में है। धमाका मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। धमाके की चपेट में आने से कई राहगीर वाहन समेत दूर उछल गए। धमाका इतना तेज था कि पूरे शहर में इसकी आवाज सुनाई दी। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा रहा था। करीब एक घंटे तक धमाके होते रहे।जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के आसपास बने घरों में बारूद रखा था।वहीं धमाके के बाद 60 घरों में आग लग गई।
‘राज्य सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी’
वहीं इस घटना पर प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने x पर लिखा कि, ‘हरदा की पटाखा फैक्ट्री में हुई आगजनी की घटना हृदय विदारक है। इस घटना की गंभीरता के दृष्टिगत, इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है। मैंने आज छिंदवाड़ा जिले के अहरवाड़ा गांव का रात्रि प्रवास कार्यक्रम स्थगित किया है। हम आगजनी की घटना के दोषियों को नहीं छोड़ेंगे। राज्य सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी। राहत कार्य और घायलों को उपचार प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है।’
‘पीएम मोदी ने मुआवजे की घोषणा की’
वहीं पीएम मोदी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा कि, ‘मध्य प्रदेश के हरदा में एक पटाखा फैक्ट्री में दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मृत्यु से व्यथित हूँ। उन सभी के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। जो घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक हों। स्थानीय प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे वहीं घायलों को 50,000 रुपये दिये जायेंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया
हरदा में हुए हादसे पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “हरदा में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है… मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तत्परतापूर्वक कार्रवाई की है। राहत के लिए हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। घायलों का भी ठीक से इलाज हो इसकी व्यवस्था की गई है, CM लगातार मॉनिटरिंग के काम में लगे हैं।”



