Lalu Yadav Party Leader On Ram Mandir: लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने राम मंदिर को लेकर विवादित बयान दिया है। आरजेडी नेता ने कहा नफरत की जमीन पर राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। जगदानंद सिंह ने यह बयान ऐसे समय में दिया है जब हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि राम मंदिर का शिलान्यास अगले साल 1 जनवरी को किया जाएगा।
“हम लोग ‘है राम वाले’ हैं, ‘जय श्रीराम’ वाले नहीं”
जगदानंद सिंह ने कहा, “कण-कण में रहने वाले राम अब पत्थरों को की चहारदीवारी में चले गए हैं, जहां नफरत की जमीन पर राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। अब भारत में उन्मादियों के राम बचेंगे। अब गरीबों के, झोपड़ीवालों के, तुलसी के राम, अयोध्या के राम, शबरी के जूठे बेर खाने वाले राम भारत में नहीं बल्कि पत्थरों के भीतर रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि, “भारत के राम को कभी भी लोगों से छीन कर कैद नहीं किया जा सकता। आरजेडी नेता ने आगे कहा हम लोग ‘है राम वाले’ हैं, ‘जय श्रीराम’ वाले नहीं। उन्होंने सवाल किया कि क्या अब राम केवल मंदिर के होंगे? क्या राम अब देश के नहीं होंगे?
भाजपा ने किया पलटवार
जगदानंद सिंह के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया। पार्टी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट करते हुए लिखा कि हिंदू आस्था पर चोट आरजेडी कांग्रेस के लिए सेक्युलरिज्म है। पूनावाला ने लिखा, “राम जन्मभूमि को नफरत की जमीन बताना, राम मंदिर चहारदीवारी, उन्मादियों के राम। उन्होंने आगे लिखा जगदानंद इसके पहले भी पीएफआई पर प्रतिबंध के दौरान भी हिंदुओं पर निशाना बनाते हुए विवादित बयान देते दे चुके हैं। हुसैन दलवाई से जगदानंद सिंह तक यह संयोग नहीं बल्कि, वोट बैंक के लिए प्रयोग है।”
“अमित शाह ने कहा था राम मंदिर 1 जनवरी 2024 को तैयार हो जाएगा”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिपुरा में एक रैली में राम मंदिर को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा था। गृह मंत्री ने कहा था कि कांग्रेस राम मंदिर के निर्माण को रोकने के लिए कोर्ट में चली गई थी। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद मोदी जी ने राम मंदिर का निर्माण शुरू किया। पीएम मोदी ने भूमि पूजन किया और मंदिर का निर्माण शुरू हुआ।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, “2019 के चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी कहते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे पर तारीख़ नहीं बताएंगे। आज राहुल गांधी और सभी को यह सुन लेना चाहिए कि अयोध्या में गगनचुंबी राम मंदिर लोगों के लिए 1 जनवरी 2024 को तैयार हो जाएगा।”