Weather Update: ठंड का प्रकोप राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में जारी है। शीतलहर के के साथ-साथ घना कोहरा भी पड़ रहा है, जिसकी वजह से यातायात में भी असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में सुबह 8:30 बजे विजिबिलिटी 500 मीटर तक रही। इसके अलावा राजधानी में लगातार दूसरे दिन शीतलहर का रिकॉर्ड रहा।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली के आया नगर में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस और दिल्ली रिज में 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। विभाग के मुताबिक अगले 3 दिनों तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घाना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
इसके अलावा अगले 24 घंटे में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही 7 से 9 जनवरी के दौरान हिमालय क्षेत्र में छिटपुट बर्फबारी होने की संभावना है। अगले दो-तीन दिनों तक जम्मू-कश्मीर हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी घना कोहरा रह सकता है।
और ठंड बढ़ सकती है
मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में ऐसी ही स्थिति अभी बनी रहेगी। विभाग के अनुसार आने वाले दो-तीन दिनों के दौरान इन राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम रह सकता है। इसके अलावा मौसम वैज्ञानिक से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर भारत समेत राजधानी में ‘शीत दिवस’ रहने की संभावना है।
क्या होता है ‘शीत दिवस’?
‘शीत दिवस’ तब होता है जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम या उसके बराबर होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4 से 5 डिग्री सेल्सियस कम होता है। इसके अलावा ‘गंभीर ठंडा दिन’ तब होता है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक कम होता है। न्यूनतम तापमान के 2 डिग्री सेल्सियस रहने या सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से कम रहने पर ‘भीषन’ शीतलहर की घोषणा की जाती है।
दिल्ली में आठ जनवरी से पारा बढ़ने के आसार हैं। रविवार को राजधानी में सुबह हल्के कोहरे के साथ दिन में बादल साफ रहेंगे 8 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।