DK News India

Bihar News: सासाराम में जारी हिंसा के बीच अमित शाह का कार्यक्रम हुआ रद्द, सम्राट अशोक जयंती समारोह में होना था शामिल

20230401 12550020230401 125500


Amit Shah Sasaram Rally Cancelled: पिछले दो दिनों से सासाराम में हो रहे हिंसा के बीच एक बड़ी खबर निकल कर सामने आई है। खबर के मुताबिक 2 अप्रैल को सासाराम में होने वाले गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। इस संबंध में मीडिया को जानकारी देते हुए बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि, सासाराम में धारा 144 लगा हुआ है। इसलिए सासाराम में होने वाले गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम सम्राट अशोक जयंती समारोह को हम लोग रद्द कर रहे हैं।


उन्होंने आगे कहा कि, धारा 144 लगे होने के कारण गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम सासाराम में नहीं होगा। जबकि अन्य स्थानों पर उनका कार्यक्रम पहले की तरह होगा। इस दौरान सम्राट चौधरी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, सीएम नीतीश कुमार से बिहार नहीं संभल रहा है। बिहार की सरकार ने हमें सुरक्षा भी नहीं दी। दुर्भाग्य है कि कार्यक्रम को रद्द करना पड़ रहा है।


हमारे लोगों के ऊपर बम चल रहे हैं- सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी ने कहा कि, हमारे लोगों पर बम चल रहे हैं। सम्राट अशोक हमारे आराध्य हैं। बीजेपी सम्राट अशोक के विचार को आगे ले जाती रहेगी। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि, सासाराम के अलावा सभी जगह कार्यक्रम होंगे। क्योंकि बाकी जगह धारा 144 नहीं लगा है। बता दें कि, गृह मंत्री अमित शाह आज शाम 6:00 बजे पटना पहुंचने वाले हैं। उन्हें 2 अप्रैल यानी रविवार को बिहार के नवादा और सासाराम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था। लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सासाराम में होने वाला कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।


कार्यक्रम रद्द होने पर जेडीयू ने कसा तंज
वहीं सासाराम में बीजेपी द्वारा कार्यक्रम रद्द करने को लेकर जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने बीजेपी पर तंज़ कसा है। उन्होंने कहा कि, बीजेपी के अंदर हिम्मत नहीं थी इसी कारण सासाराम का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। सासाराम में किसानों के सामने बीजेपी क्या मुंह दिखाती? आखिर बीजेपी ने सम्राट अशोक के लिए किया ही क्या है? हमारी सरकार ने सम्राट अशोक की जयंती को राजकीय दिन की घोषणा की। सम्राट अशोक के नाम पर बीजेपी खुद को चमका रही है।

Exit mobile version